देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से करीब 8 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत विकसित इस पार्क को पुराने तालाब का पुनर्जीवन कर तैयार किया गया है। पार्क में प्राकृतिक सौंदर्य के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रवासियों को पार्क की सौगात मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पार्क स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पार्क में बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। तालाब के बीच बनाया गया आइलैंड और पेडल बोटिंग लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ मिल सकेगी।
पुराने तालाब का किया गया पुनर्जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क के निर्माण के दौरान पुराने तालाब को खत्म करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया, जो जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जल और जंगल भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। जल स्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और अपनी प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का भी प्रयास है।
पार्क में जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्लावर गार्डन, लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं विकसित की गई हैं। तालाब के मध्य आइलैंड और पेडल बोटिंग की सुविधा इसे मनोरंजन के साथ प्राकृतिक अनुभव का भी केंद्र बनाती है।
रायपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को मिल रही गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई कार्यों को गति दी जा रही है। सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम जारी है। पेयजल व्यवस्था के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं, जबकि पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई लाइनें बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी को देखते हुए सौंग डैम परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, बरसात के दौरान बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा व चैनलाइजेशन के कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार पार्क का निर्माण कर सकती है, लेकिन उसकी देखभाल और स्वच्छता बनाए रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
