देहरादून। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेशव्यापी ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर गुरुवार सुबह से देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में चिह्नित साइबर हॉटस्पॉट पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई।

अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें चिन्हित इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी और छापेमारी कर रही हैं। साइबर अपराध में संलिप्त होने के संदेह वाले लोगों का बड़े स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्धों से पूछताछ के साथ उनके दस्तावेजों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, ऐसे स्थानों पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जहां से साइबर ठगी से जुड़े मामलों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सामने आई है। अभियान का उद्देश्य साइबर अपराध के लिए इस्तेमाल हो रहे ठिकानों और नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

चारों जिलों में पुलिस की अलग-अलग टीमों को अभियान के लिए लगाया गया है। सुबह से ही कई स्थानों पर पुलिस कार्रवाई जारी है और बड़ी संख्या में संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी और जांच पूरी होने के बाद गिरफ्तारियों, बरामदगी और दर्ज मुकदमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस के इस अभियान को अपराधियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।