रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। गलत सूचना और भ्रामक रील्स साझा करने के मामलों में कोतवाली सोनप्रयाग में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पुलिस जिला प्रशासन के साथ मिलकर यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में जुटी हुई है। प्रशासन एक ओर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस लगातार यात्रियों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर केदारनाथ यात्रा और दर्शन व्यवस्था से जुड़े कुछ भ्रामक वीडियो और रील्स वायरल हुए, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही थी। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने 24 घंटे निगरानी के दौरान ऐसे कंटेंट की पहचान की।
प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए तीन व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अन्य संदिग्ध वीडियो और पोस्ट की भी जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो, फोटो या संदेश को साझा करने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
