रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान धाम क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तहरीर में बताया गया कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड और घोड़ापड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।

घटना में केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के समीप और बेस कैंप क्षेत्र में कुल पांच शौचालयों के दरवाजे क्षतिग्रस्त पाए गए। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नलों और सिस्टनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे यात्रियों की सुविधाओं पर असर पड़ा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा को ठेस पहुंचाने और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।