देहरादून। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का परिश्रम और संकल्प प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में उत्तराखंड के साथ अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए बाबा केदारनाथ के दर्शन के दौरान कही गई अपनी बात को याद किया। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले बाबा केदार के चरणों में उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। आज प्रदेश के लोगों की मेहनत और दृढ़ संकल्प इस विश्वास को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसके साथ ही 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होने के साथ पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

पत्र में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का भी जिक्र किया गया। प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांवों के विकास, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हजारों होमस्टे के माध्यम से स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। प्रदेश में एडवेंचर, विंटर और सालभर पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और भूमि कानूनों में पारदर्शिता जैसे कदमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हर गांव, हर परिवार और हर युवा तक विकास के अवसर पहुंचाना सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और जुड़ाव प्रदेश के विकास के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उत्तराखंडवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

You missed