देहरादून। नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिला है। इस एक्सप्रेसवे से अब दिल्ली से देहरादून की दूरी महज 2 से 2.5 घंटे में पूरी हो सकेगी।

देहरादून में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए भी कई अहम परियोजनाओं की घोषणा की।

गडकरी ने बताया कि सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किमी सिक्स-लेन हाईवे का काम जून 2026 तक पूरा होगा। इसके अलावा 1600 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार ग्रीनफील्ड बाईपास (फेज-1) अक्टूबर 2026 तक तैयार होगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी। ऋषिकेश बाईपास का निर्माण 1100 करोड़ की लागत से अगस्त 2026 से शुरू होगा।

देहरादून में भी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 1700 करोड़ की लागत से फोर-लेन बाईपास मई 2026 से शुरू किया जाएगा। पोंटा साहिब से देहरादून बल्लूपुर तक 1650 करोड़ की परियोजना भी इसी समय शुरू होगी। वहीं, देहरादून-झाझरा-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड (12 किमी) अप्रैल 2027 तक और भानियावाला-जौलीग्रांट-ऋषिकेश फोर-लेन (20 किमी) अप्रैल 2028 तक पूरा होगा।

इसके अलावा रुद्रपुर और काशीपुर फोर-लेन बाईपास क्रमशः अक्टूबर और दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे। जोशीमठ-मलारी सड़क परियोजना भी दिसंबर 2026 तक पूरी होने का लक्ष्य है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल के धार्मिक व पर्यटन स्थलों के बीच आवागमन तेज, सुगम और जाम-मुक्त होने की उम्मीद है।