रुद्रपुर। रुद्रपुर से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन में बुधवार को दिनदहाड़े लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यूपी के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो यात्रियों से करीब सात लाख रुपये की नकदी लूट ली। घटना के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी निवासी मंजीत सिंह की “जपनीत ऑटो पार्ट्स” नाम से दुकान है। उनके यहां कार्यरत ऋतिक मंडल और साहिब सिंह बुधवार सुबह करीब 10 बजे रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से संपर्क क्रांति ट्रेन के बी-1 कोच में सीट संख्या 37 और 38 पर सवार हुए थे। दोनों को दिल्ली से माल खरीदने जाना था, जिसके चलते वे अपने साथ करीब साढ़े तीन-तीन लाख रुपये नकद लेकर चल रहे थे।
बताया गया कि बिलासपुर के पास पहुंचते ही तीन नकाबपोश बदमाश कोच में दाखिल हुए और पिस्टल तानकर दोनों कर्मचारियों से पैसे छीन लिए। विरोध करने या शोर मचाने पर उन्होंने ट्रेन से बाहर की ओर दो राउंड फायरिंग कर यात्रियों को डराया। दहशत में आए दोनों कर्मचारियों ने कुल सात लाख रुपये बदमाशों को सौंप दिए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ हरकत में आ गई है। बिलासपुर में पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
