पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने जिला महिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। घटना के सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी की करीब एक वर्ष पूर्व गुपचुप तरीके से शादी कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि लड़की और आरोपी युवक एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे और उन्होंने पिछले साल मंदिर में विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों पुणे चले गए, जहां युवक एक निजी कंपनी में कार्यरत है।

डिलीवरी के समय किशोरी को प्रसव पीड़ा होने पर ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचित किया। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर बबीता टम्टा ने बताया कि मामले में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम पुणे भेजने की तैयारी कर रही है।

किशोरी की पारिवारिक स्थिति भी जटिल बताई जा रही है। उसके पिता पुणे में सिक्योरिटी गार्ड हैं, जबकि मां पहले ही परिवार छोड़ चुकी है। दोनों माता-पिता ने दूसरी शादी कर ली है।

बाल कल्याण समिति (CWC) को मामले की जानकारी दे दी गई है और किशोरी की देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।