देहरादून। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों को आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। राज्यभर में 50 ‘स्विफ्ट स्कूल’ स्थापित किए जाएंगे, जो एकीकृत विद्यालय परिवर्तन मॉडल पर आधारित होंगे। इनमें पौड़ी और चंपावत जिलों के 19-19 तथा देहरादून और हरिद्वार जिलों के छह-छह विद्यालय शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप शिक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में ‘समग्र शिक्षा’ और काॅन्वजीनियस फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘स्विफ्ट स्कूल’ मॉडल के तहत विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शिक्षण, कक्षाओं में आधुनिक तकनीक का उपयोग, शिक्षकों को डेटा आधारित सहयोग और डिजिटल अवसंरचना उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्रों को उनके सीखने के स्तर के अनुसार बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।
इसके अलावा, काॅन्वजीनियस फाउंडेशन द्वारा अमेजन वेब सर्विस के सहयोग से 1000 लैपटॉप भी वितरित किए जाएंगे, जिससे इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। विभाग ने 50 विद्यालयों का चयन कर लिया है और जल्द ही इस योजना का क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा।
