देहरादून। राजधानी देहरादून में नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम के एक कर्मचारी दिनेश खन्ना पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। दो शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता विजय राज चौहान के अनुसार, वर्ष 2019 में तत्कालीन मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने उन्हें नगर निगम की जमीन लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड के आसपास तीन स्थायी दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया था। इस आश्वासन पर उन्होंने अलग-अलग माध्यमों से करीब 45 लाख रुपये दिए। काफी समय तक दुकानें आवंटित नहीं होने पर वर्ष 2023 में उन्हें नया प्रस्ताव दिया गया। इसमें मसूरी रोड के खाला गांव स्थित मैगी पॉइंट और कुठाल गेट के पास नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थानों पर दुकानें दिलाने की बात कही गई। इस सिलसिले में उनकी मुलाकात नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से भी कराई गई।
आरोप है कि लंबे समय तक न तो दुकानों की पक्की रसीद दी गई और न ही कब्जा सौंपा गया। वर्ष 2025 में जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो कुछ धनराशि लौटाई गई, लेकिन करीब 20 लाख रुपये अब भी बकाया हैं। शिकायत में राजनीतिक रसूख का हवाला देकर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
वहीं, दूसरे शिकायतकर्ता सूरजपाल सिंह, जो पूर्व मेयर के निजी सचिव रह चुके हैं, ने भी करीब 20 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्ष 2022-23 में दुकान आवंटित कराने का भरोसा देकर उनसे नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई, लेकिन न दुकान मिली और न ही पैसा वापस किया गया। उन्होंने पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
दूसरी ओर, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी से मामले की जांच कराई जा सकती है। उन्होंने शिकायतकर्ताओं पर ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतों की जांच की जा रही है और संबंधित दस्तावेज राजपुर थाने भेजे गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
