देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से परिवार और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है। गुरुवार, 5 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए बृजमोहन सिंह रावत के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ओम शांति लिखा।

बृजमोहन सिंह रावत के निधन की सूचना मिलने के बाद प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह वर्ष 2017 से 2021 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वर्तमान में वह भाजपा से लोकसभा सांसद हैं।

परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। इस दुखद समाचार के बाद उनके शुभचिंतक और समर्थक शोक व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल उनके निधन से जुड़ी अन्य जानकारी और अंतिम संस्कार के कार्यक्रम का विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है।

 

You missed