News : तेलंगाना के महबूबनगर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ सोमवार को ज़मीन से जुड़े आपसी विवाद में एक 28 वर्षीय महिला का सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने से पहले महिला को जबरन घसीटते हुए ससुराल ले जाया गया था। मृतका की पहचान ओबुलाय्यापल्ली गांव (महबूबनगर मंडल) की निवासी सुनीता के रूप में हुई है।
कोइलकोंडा थाना के सब-इंस्पेक्टर ए. नागराजू के अनुसार, ‘मृतका के पिता वाल्या नाइक की शिकायत पर बीएनएस (BNS) की धारा 101 और 103 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से ही चारों नामजद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।’
News : खेत जाते समय रास्ते से किया अगवा
पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर सुनीता कोइलकोंडा स्थित चिंथल थांडा में अपने खेत की तरफ जा रही थी। तभी रास्ते में उसके ससुर माणिक्य नाइक, देवर मान्या नाइक, पांडु नाइक और देवरानी पार्वती ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके गले में कपड़ा बांधा और घसीटते हुए अपने घर ले गए। इसके बाद धारदार चाकू से हमला कर उसका गला रेत दिया, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महबूबनगर के सरकारी जनरल अस्पताल भिजवाया।
News : 1.5 एकड़ ज़मीन बनी विवाद की वजह
एसआई के अनुसार, सुनीता की शादी लगभग 12 साल पहले चिंथल थांडा निवासी बलराम के साथ हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। बलराम की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण दंपत्ति के बीच अक्सर तनाव रहता था। करीब एक साल पहले गांव के वरिष्ठ लोगों की मध्यस्थता में समझौता हुआ था, जिसके तहत सुनीता और उसकी बेटियों के भरण-पोषण के लिए बलराम के हिस्से की 1.5 एकड़ ज़मीन सुनीता के नाम स्थानांतरित की गई थी।
हालांकि, बलराम के बड़े भाई (पांडु नाइक और मान्या नाइक) इस फैसले से सख्त नाराज़ थे और ज़मीन हस्तांतरण का लगातार विरोध कर रहे थे। उन्होंने दोनों को साथ रहने से भी रोका और बलराम को अक्सर हैदराबाद ले जाते थे। पारिवारिक विवाद से परेशान होकर सुनीता अपने मायके चली गई थी।
बाद में माता-पिता के समझाने पर वह वापस चिंथल थांडा लौट आई, जहाँ उसके परिवार ने उसके लिए अलग मकान बनवा दिया था। वह पिछले एक महीने से अपनी बेटियों के साथ वहीं रह रही थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष उस पर ज़मीन छोड़कर गाँव से जाने का दबाव बना रहा था और संपत्ति न सौंपने पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था।
Also Read : News : मानसिक रूप से कमजोर युवती से दरिंदगी, गर्भ ठहरने पर हुआ खुलासा, जांच में जुटी पुलिस
