Uttarakhand : उत्तराखंड नागर विमानन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) द्वारा चारधाम क्षेत्र में 10 नवंबर तक चार्टर्ड हेली सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाने के आदेश से तीर्थयात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे यात्री सोमवार की सुबह हेलीकॉप्टर का इंतजार करते नजर आए। जब उन्हें सेवाएं बंद होने की सूचना मिली, तो उन्होंने हेली संचालन कंपनियों के कर्मचारियों के प्रति अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद यात्रियों को सड़क मार्ग से वापस भेजा गया।

Uttarakhand : DGCA की सख्ती के बाद कंपनियों का फैसला

चारधाम में हेलीकॉप्टरों की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कड़ा रुख अपनाया है। नए निर्देशों के तहत सिंगल इंजन चार्टर्ड हेलीकॉप्टरों में दो पायलटों का होना अनिवार्य कर दिया गया है। इस नियम के विरोध में हेली कंपनियों ने सोमवार से अपनी सेवाएं स्थगित करने का फैसला लिया।

Uttarakhand : अग्रिम बुकिंग रद्द, सड़क मार्ग से वापस भेजे गए यात्री

कंपनियों ने यात्रियों की एडवांस बुकिंग रद्द कर दी है। हालांकि, यूकाडा ने रविवार को ही 10 नवंबर तक चार्टर्ड हेली सेवाएं बंद करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया था। इस फैसले का सीधा असर बदरीनाथ पहुंचे 50 से अधिक यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें कंपनियों द्वारा गाड़ियों के जरिए वापस भिजवाया गया। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने पुष्टि की है कि कंपनियों ने अपनी मौजूदा बुकिंग रद्द करने की जानकारी प्राधिकरण को दे दी है।

Uttarakhand : हालिया हादसे के बाद कड़े किए गए सुरक्षा नियम

गौरतलब है कि हाल ही में शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून आ रहा एक हेलीकॉप्टर पांडुकेश्वर की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट समेत छह लोगों की जान चली गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद ही डीजीसीए ने चारधाम क्षेत्र में उड़ान भरने वाली हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं।

चारधाम रूट पर मुख्य रूप से हिमालयन हेली सर्विसेज, इंडो काप्टर्स, राजस एयरोस्पोर्ट्स, थंबी एविएशन, चिप्सन एविएशन, एरो एयरक्राफ्ट, पिलग्रिमेज एविएशन, हेरिटेज एविएशन, यूनाइटेड हेलीचार्टर्स, कान एयरो, बारामती एग्रो और स्यांदन एविएशन जैसी कंपनियां चार्टर्ड सेवाएं मुहैया कराती हैं।

Also Read : Uttarakhand: केदारताल में लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश तेज, निम और एसडीआरएफ की टीम हेलिकॉप्टर से रवाना