देहरादून। मेघालय में अगले साल फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर उत्तराखंड ने अपनी तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया है। खेल विभाग अब शासन की ओर से मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार किए बिना ही तैयारियों को आगे बढ़ाएगा। विभाग का मानना है कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में तैयारियों में देरी खिलाड़ियों और प्रदेश के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है।

खेल विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों से संबंधित एसओपी का प्रस्ताव फिलहाल वित्त विभाग में लंबित है। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने बताया कि एसओपी की मंजूरी की प्रक्रिया अपने स्तर पर चल रही है, लेकिन इसके कारण तैयारियों को रोका नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेल विभाग के पास पर्याप्त बजट उपलब्ध है और जरूरी काम पहले ही शुरू कर दिए जाएंगे।

दरअसल, राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देना होता है। इसके लिए अलग-अलग खेलों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। साथ ही संबंधित खेल संघों की ओर से खिलाड़ियों का चयन, प्रशिक्षकों और फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी होती है। इन सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए एसओपी जारी होना जरूरी है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अपर निदेशक अजय अग्रवाल के मुताबिक, राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए एसओपी का प्रस्ताव निदेशालय की ओर से शासन को भेजा गया था। इस पर वित्त विभाग ने कुछ आपत्तियां लगाई थीं। विभाग की ओर से इन आपत्तियों का निस्तारण कर प्रस्ताव दोबारा शासन को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती को लेकर वित्त विभाग की ओर से आपत्ति उठाई गई थी।

वहीं, वित्त सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि एसओपी का प्रस्ताव किस स्तर पर लंबित है, इसकी जानकारी ली जाएगी। मामला संज्ञान में आने के बाद इसका जल्द निस्तारण किया जाएगा।

खेल विभाग का कहना है कि एसओपी को मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया उसके अनुरूप पूरी की जाएगी, लेकिन तब तक प्रारंभिक तैयारियां जारी रहेंगी।