अल्मोड़ा। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या के सम्मान में शुक्रवार को अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में भव्य जनसभा और धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और क्षेत्र की महिलाएं शामिल हुईं। जनसभा में मिले समर्थन और लोगों के स्नेह को देखकर रेखा आर्या भावुक हो गईं। उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि सोमेश्वर के लोगों ने हमेशा उन्हें अपनी बेटी की तरह प्यार और सम्मान दिया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि सोमेश्वर उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका मायका है। उनका जन्म इसी क्षेत्र के पोखरी सुनाड़ी में हुआ है और यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी हुई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में सोमेश्वर की जनता ने उन्हें निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य के रूप में चुना था। तभी से क्षेत्र के लोगों के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव बना हुआ है।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में कई कठिन परिस्थितियां आईं, लेकिन क्षेत्र की जनता और मातृशक्ति से मिले समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी क्षेत्र की जनता उन्हें अपना आशीर्वाद देगी।
इस दौरान उन्होंने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। रेखा आर्या ने कहा कि विपक्ष को आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उन पर लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वह इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं, लेकिन यदि आरोप गलत साबित होते हैं तो विपक्ष को भी नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
जनसभा में भाजपा के जिला अध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, वंदना आर्या और अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, दूसरी ओर मंत्री के कार्यक्रम के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमेश्वर बाजार में प्रदर्शन करते हुए काले झंडे दिखाए। इससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्म रहा।
