देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जिले में 28 उपनिरीक्षकों (दारोगाओं) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई चौकियों के प्रभारी बदले गए हैं। वहीं, पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय में तैनात कुछ उपनिरीक्षकों को भी फील्ड में नई तैनाती दी गई है।
तबादला सूची के अनुसार, आशारोड़ी चौकी प्रभारी विवेक भंडारी को सहसपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कालसी चौकी प्रभारी संदीप पंवार को सेलाकुई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा आराघर चौकी प्रभारी अश्वनी बलोनी का तबादला ऋषिकेश की त्रिवेणीघाट चौकी में किया गया है। जबकि त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार को आराघर चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में एसएसपी कैंप कार्यालय में तैनात रविंद्र नेगी को हर्रावाला चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही कुठालगेट, मयूर विहार, लालतप्पड़, श्यामपुर और बालावाला चौकियों में भी नए प्रभारियों की तैनाती की गई है।
इस फेरबदल के तहत पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय में कार्यरत कुछ उपनिरीक्षकों को भी थानों और चौकियों में जिम्मेदारी देकर फील्ड में भेजा गया है। अन्य उपनिरीक्षकों को भी जिले की अलग-अलग पुलिस इकाइयों और थानों में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग में किए गए इस व्यापक बदलाव को जिले की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर चौकी प्रभारियों में बदलाव के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारियां नए अधिकारियों के हाथों में होंगी।
हालांकि, तबादलों को लेकर पुलिस विभाग की ओर से किसी विशेष शिकायत या अनुशासनात्मक कार्रवाई को वजह बताए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल 28 उपनिरीक्षकों की नई तैनाती के बाद देहरादून जिले की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
