रुद्रपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने जिले में विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह रूट डायवर्जन 30 जुलाई से 11 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान जिले के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि की संभावना को देखते हुए रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर और बिलासपुर से काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा और सिडकुल की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के माध्यम से भेजा जाएगा। इसी प्रकार काशीपुर, हरिद्वार, खटीमा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। V

प्रशासन ने बताया कि 8 अगस्त से 11 अगस्त के बीच यात्रा के अंतिम चरण में यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी प्रकार के वाहनों को प्रमुख चौराहों से रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा जिले के कई संवेदनशील स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस और यातायात विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी, पेट्रोलियम पदार्थ तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को सामान्य रूप से संचालित करने की अनुमति दी गई है, जिससे आम लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आम जनता की सुविधा दोनों को ध्यान में रखते हुए यह ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।

You missed