रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब पर्वतीय जिलों में गंभीर रूप से दिखाई देने लगा है। रुद्रप्रयाग जिले में अगस्त्यमुनि क्षेत्र के पास केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक हुए भूस्खलन से एक कार विशाल बोल्डरों और मलबे के नीचे दब गई। गनीमत रही कि हादसे के समय वाहन में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई सड़क मार्गों पर यातायात बाधित हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने लगे, जिससे हाईवे पर खड़ी कार पूरी तरह दब गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण राहत एवं बहाली कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां आवश्यक हो, वहां सुरक्षा के दृष्टिकोण से यातायात अस्थायी रूप से रोका जा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मशीनें प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने में जुटी हैं। प्रशासन ने कहा है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

You missed