देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बुनियादी ढांचे, बिजली, सड़क, पर्यटन और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों हेतु करीब 191 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के रायपुर क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाईजेशन के लिए 3.62 करोड़ रुपये तथा विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण के लिए 63.62 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं हरिद्वार में पुराना दिल्ली-नीतिपास राज्य मार्ग एवं अन्य आंतरिक सड़कों के निर्माण हेतु 21.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में न्यायालय कर्मियों के आवास निर्माण, हरिद्वार स्थित राजकीय विशेष गृह में सुरक्षा भवन निर्माण, रामगढ़-मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण, सितारगंज में पर्वतीय विकास भवन के शेष कार्यों तथा बागेश्वर के कांडा क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
ऊर्जा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने आरडीएसएस योजना के तहत उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन को 70 करोड़ रुपये जारी करने के साथ ही निर्माणाधीन योजनाओं के लिए 25 करोड़ रुपये की अंशपूंजी तथा विद्युत लाइनों के शिफ्टिंग कार्यों हेतु 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
इसके अलावा ऋषिकेश की आस्था पथ परियोजना के सौंदर्यीकरण के लिए 35.78 करोड़ रुपये तथा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट के सौंदर्यीकरण और ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए पिथौरागढ़ और टिहरी जिलों के मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
