केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दूसरा स्लॉट जून के पहले सप्ताह में खोला जा सकता है। इस चरण में 15 जून के बाद की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकटों की बुकिंग की जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने पहले चरण की बुकिंग 15 अप्रैल को शुरू की थी, जिसमें 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट जारी किए गए थे। बुकिंग शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर 33 हजार से अधिक टिकट बुक हो गए थे। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि दूसरे चरण की बुकिंग की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

दूसरी ओर, लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट ने केदारनाथ यात्रा की रफ्तार पर असर डाला है। रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में सुधार होने पर यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ समेत सभी राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

वहीं, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं यात्रा मार्गों और मौसम की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग, गौरीकुंड सहित संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों को मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।