ऋषिकेश। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक बस रविवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी स्थित कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बस संख्या UK14PA0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 25 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चलते समय चालक की ओर की खिड़की खुल गई। चालक उसे बंद करने का प्रयास कर रहा था, तभी बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू कराया। वहीं अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
हादसे में घायल यात्रियों की पहचान सोनम गुप्ता (28), मुन्नी देवी (56), चंद्र प्रकाश गुप्ता (62), संजय चौरसिया (59), सीता देवी (38), कुमारी शबनम (32) और मनीष गिरी (44) के रूप में हुई है। सभी घायल लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
