नैनीताल। शहर के क्लेक्टरेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के भीतर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि कार पार्किंग में खड़ी थी। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान कार की ओर गया। जब लोगों ने पास जाकर देखा, तो अधिवक्ता कार के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए। सूचना मिलते ही पार्किंग संचालक ने अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा खोलकर देखा तो अधिवक्ता का शव अंदर मिला। घटनास्थल से उनके हाथ में एक पिस्टल बरामद हुई, जबकि कार के आगे डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी बीमारी से परेशान होने और जीवन से हार मानने की बात लिखी है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
