देहरादून। शहर में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के लिए शुक्रवार रात मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान रात 10 बजे से करीब 30 मिनट के लिए शहर के कई प्रमुख इलाकों में ब्लैकआउट किया जाएगा और आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देश पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य आपदा या आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मॉकड्रिल के तहत आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर क्षेत्रों को शामिल किया गया है। निर्धारित समय पर इन इलाकों में स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। मॉकड्रिल शुरू होने से पहले सायरन बजाकर आमजन को संकेत दिया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और इस अभ्यास में सहयोग करें, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।