देहरादून। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के छात्रों के बीच गानों को लेकर शुरू हुई वर्चस्व की लड़ाई ने एक छात्र की जान ले ली। प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के बीटेक सीएस द्वितीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु की सोमवार रात बाजार में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार विवाद करीब दो महीने पहले उस समय शुरू हुआ था, जब दिव्यांशु के दोस्तों ने विश्वविद्यालय गेट के पास कार में ‘छोरा जाट्टा’ गाना बजाया था। इसे बिहार के छात्रों के एक गुट ने चुनौती के रूप में लिया और तब से दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता गया। आरोप है कि इस दौरान कई बार मारपीट की घटनाएं भी हुईं और आरोपी छात्र दिव्यांशु की रेकी कर रहे थे।
सोमवार रात जब दिव्यांशु प्रेमनगर बाजार में खाना खाने गया, तो करीब 15 युवकों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने धमकाते हुए कहा कि यहां रहना है तो उनके दबाव में रहना होगा। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया। भीड़भाड़ वाले बाजार में यह हमला होता रहा, लेकिन लोग तमाशबीन बने रहे। गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु को एक दंपत्ति अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार दिव्यांशु दो भाइयों में बड़ा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा था। छोटे भाई ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इस मामले में यह भी सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले भी आरोपी गुट ने दिव्यांशु के एक साथी के साथ मारपीट की थी और उसकी बाइक तोड़ दी थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सख्ती बढ़ाते हुए सत्यापन अभियान चलाया। बिना सत्यापन छात्रों को रखने वाले आठ हॉस्टल संचालकों पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही 75 छात्रों से पूछताछ और 52 वाहनों का चालान किया गया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि गुटबाजी करने वाले छात्रों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
