देहरादून। देहरादून हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक जवान की जान चली गई। रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान धन प्रकाश (33) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे और दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धन प्रकाश किसी आवश्यक कार्य से भगवानपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक रोडवेज बस से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि धन प्रकाश के कूल्हे में फ्रैक्चर था और उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने लाया गया था, लेकिन चिकित्सकों द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी हालत और बिगड़ गई। इस आरोप को लेकर परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।