देहरादून। देहरादून की राजधानी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब चुना भट्टा इलाके में एक महिला का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव एक महिला का है, जिसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार महिला का शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव चुना भट्टा स्थित एक खंडहरनुमा घर में पड़ा मिला, जिससे इलाके में दहशत और कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गई हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में भी जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
