देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि वह परिवार का भरण-पोषण करने के लिए पड़ोसियों के कपड़े धोने का काम करती हैं। 12 मार्च की शाम उन्होंने अपनी बेटी को कुछ कपड़े देने के लिए भेजा था।

इस दौरान एक आरोपी ने लड़की को फोन कर हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया। वहां पहुंचते ही आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन जंगल में ले गया। आरोपियों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को पिला दिया, जिससे वह बेसुध हो गई।

उसके बाद तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।सुबह होने पर आरोपियों ने पीड़िता को एक ई-रिक्शा में बिठाकर घर के लिए रवाना कर दिया। घर पहुंचते ही ई-रिक्शा से उतरते समय किशोरी चक्कर खाकर गिर पड़ी।

होश आने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बता दी। मां ने तत्काल पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया, ‘पीड़िता की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 70(2) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।यह घटना इलाके में सनसनी फैला रही है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।