देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरू ग्राम में शादी से पूर्व आयोजित मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक महिला के पैर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली है और उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। गढ़वाली कॉलोनी, नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर पर मेहंदी समारोह चल रहा था, जिसमें परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत कई लोग नाच रहे थे। इस दौरान लक्ष्मण सिंह नेगी ने अपनी कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगा रखी थी। नाचते समय अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जिससे कमल कुमार की साली नीलिमा के पैर में गोली लग गई।

घटना के तुरंत बाद घायल नीलिमा को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से पिस्टल जब्त कर आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही, पिस्टल के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

समारोह के दौरान गोली चलने से वहां मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि समारोह में कई छोटे बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय अनजाने में ट्रिगर दबने से फायर हो गया। मामले की जांच जारी है।

You missed