रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला चंदापुर में सोमवार दोपहर खेलते समय हुए विवाद में एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भानू (12) पुत्र बालेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर आंबेडकर पार्क में क्षेत्र के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान एक नाबालिग बच्चे ने भानू के सिर पर डंडे से वार कर दिया। चोट लगने के बाद भानू पार्क से घर चला गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

परिजन भानू को तत्काल बीएसएम तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक जांच में आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्या के कारणों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों पक्षों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास कर रही है, जबकि आरोपी की तलाश जारी है।