देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी में विशाल रैली निकाली। प्रस्तावित राजभवन घेराव कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, वरिष्ठ नेता हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहारा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सहित कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रैली के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर सुबह हटा दिए गए, जिस पर पार्टी नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में व्यापक यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली के मार्ग पर यातायात को विभिन्न वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। ओरियंट चौक, कनक चौक, ग्लोब चौक, बहल चौक, दिलाराम चौक सहित कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई या वैकल्पिक मार्गों से भेजी गई। रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।