नैनीताल। नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। न्यायालय को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। ईमेल में यह भी कहा गया कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं।
धमकी भरे ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का उल्लेख किया गया है, साथ ही प्रतिबंधित संगठन लिट्टे और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस ईमेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर तैनात कर दिया गया। न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर परिसर में मौजूद लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी को भी शिकायत दर्ज कराई गई है और उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।
प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही हैं।
