देहरादून। कांग्रेस की युवा नेता माही जेटली पर चंद्रबनी क्षेत्र स्थित एक कैफे में युवकों द्वारा किए गए हमले का मामला सामने आया है। घटना में माही जेटली गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनके सिर पर आठ टांके लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात माही जेटली अपने जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ कैफे गई थीं। इसी दौरान कैफे में मौजूद कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। विवाद के दौरान युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इसी अफरातफरी के बीच एक युवक का वार माही जेटली के सिर पर लग गया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं।

घटना के बाद कैफे में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर माही के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घायल माही को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके सिर में आठ टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

माही जेटली के भाई मदन जोशी ने पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आयुष राणा, सूरज राणा और हिमांशु पर मारपीट और हमले का आरोप लगाया है। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।