कोर्ट ने दोनों नेताओं को 30-30 हजार रुपये के जमानती बंधपत्रों पर दी जमानत

देहरादून। बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन करने के मुकदमे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रीतम सिंह ने बुधवार को पंचम अपर सिविल जज की अदालत में आत्मसमर्पण किया। उनके साथ एक अन्य आरोपी कांग्रेस नेता अनिता तिराला ने भी अदालत में सरेंडर किया। दोनों नेताओं के खिलाफ पूर्व में जमानती वारंट जारी किए गए थे। अदालत ने दोनों को 30-30 हजार रुपये के दो-दो जमानती और बंधपत्रों पर जमानत दे दी।

दिसंबर 2020 के धरना प्रदर्शन से जुड़ा मामला

यह मामला दिसंबर 2020 में हुए उस धरना प्रदर्शन से जुड़ा है, जब कोरोना महामारी के चलते सरकार ने सभी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद आठ दिसंबर 2020 को कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में कांग्रेस भवन के सामने से घंटाघर तक एक प्रदर्शन आयोजित किया था।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व उस समय के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए थे।

11 कांग्रेस नेताओं पर दर्ज हुआ था मुकदमा

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन के आरोप में प्रीतम सिंह समेत 11 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी थी।

हाल ही में अदालत ने विधायक प्रीतम सिंह और अनिता तिराला के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। बुधवार को वारंट प्राप्त करने के बाद दोनों नेता अदालत पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। कुछ देर की कार्यवाही के बाद अदालत ने दोनों को जमानत दे दी। 

इन नेताओं पर भी केस दर्ज

इस मुकदमे में अन्य आरोपियों में सूर्यकांत धस्माना, अनूप कुमार, मोहन भंडारी, सुशील राठी, इतात खान, सुमित भुल्लर, नवीन जोशी, राजेंद्र शाह, कमर खान, गरिमा दसौनी, शांति रावत और प्रमीला बडोनी शामिल हैं।