बड़कोट नगर पालिका अध्यक्ष गिरफ्तार

उत्तरकाशी के बड़कोट में पुलिस ने बड़कोट नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद डोभाल और उनके एक साथी अंकित रमोला को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।

बड़कोट नगर पालिका अध्यक्ष गिरफ्तार

पूरा मामला मंगलवार 25 फरवरी की शाम का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने प्रवीण रावत की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस दौरान उनके साथी अंकित रमोला भी उनके साथ मौजूद थे। इस घटना के बाद दोनों के बीच जमकर बहस हुई। इसके बाद प्रवीण रावत ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल और उनके साथी अंकित रमोला पर आरोप लगाए हैं कि दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

आरोपियों को दस दिन के लिए भेजा जेल

प्रवीण रावत की शिकायत पर पुलिस ने विनोद डोभाल और अंकित रमोला के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। जिसके बाद बुधवार को दोनों को पुरोला न्यायायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दस दिन के लिए जेल भेज दिया है।

निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था चुनाव

हाल ही में हुए निकाय चुनावों में विनोद डोभाल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की थी। विनोद डोभाल के भाई संजय डोभाल उत्तरकाशी जिले की यमुनोत्री विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक हैं। जबकि उनकी बहन नीलम टिहरी जिले की मुनि की रेती की नगर पालिका अध्यक्ष हैं।