हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात 13 वर्षीय किशोर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि कबाड़ बीनने वाले एक व्यक्ति ने किशोर को बातों में उलझाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन किशोर को लेकर मुखानी थाने पहुंचे, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मुखानी क्षेत्र निवासी किशोर एक मांस विक्रेता की दुकान पर काम करता है। आरोपी भी इसी क्षेत्र में कबाड़ बीनने का काम करता है। बुधवार को आरोपी दुकान के पास पहुंचा और किशोर को बातचीत में उलझाने के बाद उसे कुछ दूरी पर स्थित सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने किशोर के साथ अश्लील हरकत की। किशोर ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घर पहुंचने के बाद किशोर ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस के अनुसार देर रात तक परिवार की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।

पुलिस ने पीड़ित किशोर की काउंसलिंग भी कराई, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

घटना के बाद थाने में जुटे लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। मामले की जांच के साथ पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को भी जुटा रही है।