चमोली। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद एक वाहन की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।