Uttarakhand : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में अंकिता की मां सोनी देवी को उम्मीदवार बनाने की योजना बना रही है। हालांकि, इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। इस संभावित प्रस्ताव पर आगे का निर्णय सोनी देवी की सहमति के बाद ही तय होगा।
अंकिता को न्याय दिलाने के लिए उनके माता-पिता लगातार संघर्षरत हैं। परिवार ने उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक कई प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई है।
बीते 14 अक्टूबर को दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अंकिता के परिजनों से मुलाकात की थी। दोनों शीर्ष नेताओं ने परिवार की मांगों का खुलकर समर्थन किया था। इस मुलाकात के बाद से ही कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की इस मामले में बढ़ती सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। सोनी देवी को चुनाव लड़ाने के कांग्रेस के इस कदम को इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि यदि सोनी देवी चुनाव लड़ने के लिए सहमत होती हैं, तो अंकिता प्रकरण के साथ-साथ महिला सुरक्षा और न्याय का मुद्दा आगामी विधानसभा चुनावों में प्रमुखता से उभरेगा। फिलहाल, इस संभावित योजना पर पार्टी की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है।
