OpenAI के एक पूर्व इंजीनियर को कंपनी के कॉन्फ्रेंस रूम में गुप्त रूप से ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी फेडरल एजेंसियों ने 9 अक्टूबर को अब्दुलरहमान अलफोजान नाम के इस पूर्व इंजीनियर को हिरासत में लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तारी से कुछ ही समय पहले उसने अमेरिका से सऊदी अरब भागने के लिए वन-वे फ्लाइट टिकट बुक कर लिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने परिवार के साथ 12 अक्टूबर को इस्तांबुल के रास्ते सऊदी अरब रवाना होने की योजना बना रहा था।
- ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार: 30 सितंबर के आसपास OpenAI के कर्मचारियों को एक कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के यूएसबी पोर्ट में लगा हुआ रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला था। कंपनी की सिक्योरिटी टीम ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत अमेरिकी जांच एजेंसी FBI को दी।
- CCTV फुटेज से सुराग: अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में अलफोजान को उस कॉन्फ्रेंस रूम के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था।
- शेड्यूल डेटा का इस्तेमाल: इसके अलावा, अलफोजान ने उस कॉन्फ्रेंस रूम की बुकिंग और मीटिंग शेड्यूल का डेटा हासिल करने के लिए एक प्रॉडक्टिविटी टूल का इस्तेमाल किया था।
- भूल से छूटा बैग: जांच में यह बात भी सामने आई कि अलफोजान एक बार गलती से अपना बैग वहीं छोड़ गया था, जिसमें उसका आईडी कार्ड, वॉलेट और वैसा ही रिकॉर्डिंग डिवाइस मौजूद था जैसा टीवी के पीछे मिला था।
OpenAI : चैटबॉट अकाउंट की पड़ताल में अहम सबूत
Gizmodo की रिपोर्ट के अनुसार, अलफोजान की पत्नी से जुड़े एक चैटबॉट अकाउंट की पड़ताल में अहम सबूत हाथ लगे हैं। उस अकाउंट से कुछ ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग्स बरामद हुईं, जो OpenAI के दफ्तर में लगाए गए डिवाइस से ही रिकॉर्ड की गई मालूम होती हैं।
OpenAI का यह भी कहना है कि आरोपी के पास देश छोड़कर फरार होने के पूरे साधन और वजहें मौजूद थीं। यदि इस मामले की जानकारी पहले ही सार्वजनिक कर दी जाती, तो आरोपी तय समय से पहले देश से भाग सकता था। इसी आधार पर अदालत ने इस केस से जुड़े कोर्ट ऑर्डर्स और दस्तावेजों को फिलहाल सील रखने की अनुमति दी थी।
तफ्तीश में खुलासा हुआ है कि अब्दुलरहमान अलफोज़ान सऊदी अरब की वेंचर कैपिटल फर्म ‘रायद वेंचर्स’ से बतौर वेंचर पार्टनर जुड़ा हुआ है। इस फर्म में सऊदी शाही परिवार के सदस्य प्रिंस खालिद बिन बद्र अल सऊद भी पार्टनर हैं।
हालांकि, OpenAI ने रायद वेंचर्स पर अलफोजान की इन गतिविधियों की सीधी जानकारी होने का सीधा आरोप नहीं लगाया है। फिर भी, इस पूरी घटना से साफ जाहिर होता है कि AI दौर के तेजी से बढ़ते बूम के साथ-साथ कॉर्पोरेट और आर्थिक जासूसी का खतरा भी काफी बढ़ गया है।
Also Read : Nainital: हल्द्वानी में भवन मानचित्र पास कराना हुआ आसान, अब एक ही जगह से मिलेगी सभी NOC
