देहरादून। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो प्रतियोगिता के 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली उन्नति शर्मा का बुधवार को देहरादून पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर शहर तक उनके स्वागत में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, परिजन, मित्र और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। भारत माता की जय और जय उत्तराखंड के नारों के बीच उन्नति का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया।
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्नति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराया। उन्होंने महज 1 मिनट 7 सेकंड में मुकाबला समाप्त कर भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। उनकी इस उपलब्धि ने उत्तराखंड सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
देहरादून में उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें खेल जगत से जुड़े लोग, युवा खिलाड़ी, शिक्षक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि उन्नति की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
स्वागत समारोह के दौरान उन्नति शर्मा ने अपने परिवार, कोच और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पदक केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश और उत्तराखंड की जीत है। उन्होंने कहा कि आगे भी उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए और अधिक पदक जीतना है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्नति शर्मा की सफलता ने उत्तराखंड के खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है। राज्य के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को उम्मीद है कि उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में जूडो सहित अन्य खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ेगा तथा आने वाले वर्षों में उत्तराखंड से और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
