Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 728 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरियों का अनुमोदन किया है। इस बजटीय स्वीकृति में मुख्य रूप से हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए 492 करोड़ रुपये और टिहरी बांध प्रभावित 178 पात्र परिवारों को 132.43 करोड़ रुपये के नकद मुआवजे का प्रावधान शामिल है। इसके अलावा, सड़कों, सिंचाई, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और जिला पंचायतों को अनुदान के प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई है।
हरिद्वार कुंभ मेले के दौरान अस्थायी व्यवस्थाओं के लिए राज्य सेक्टर के अंतर्गत 175 करोड़ रुपये और केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन हेतु शहरी विकास विभाग के माध्यम से 317 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, पुनर्वास नीति-1988 के तहत कृषि भूमि के बदले मिलने वाले नकद मुआवजे में बढ़ोतरी को हरी झंडी दी गई है, जिसके जरिए 178 प्रभावित परिवारों को 132.43 करोड़ रुपये का वित्तीय मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
Uttarakhand : अन्य प्रमुख विकास कार्यों में:
- सड़क व बुनियादी ढांचा: अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मार्ग के डामरीकरण हेतु 6.13 करोड़ रुपये और ऊधमसिंह नगर के सितारगंज में सिडकुल से पंडरी तक अपर बैगुल नहर के पुनर्निर्माण के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
- सिंचाई योजनाएं: पौड़ी के ढिकोलिया में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप के लिए 1.43 करोड़ और नैनीताल के ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए 2.54 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
- धार्मिक एवं पर्यटन स्थल: पिथौरागढ़ के लामाखेत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार व धर्मशाला निर्माण के लिए 45.03 लाख रुपये तथा चंपावत के गोगना तोक में ब्रह्मचारिणी मेला स्थल के विकास हेतु 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
- अन्य स्वीकृतियां: हरिद्वार के बीएचईएल-रानीपुर क्षेत्र में तीन निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ रुपये और प्रदेश की जिला पंचायतों को तीसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है।
Also Read : News : कैबिनेट मंत्री ने दलेर मेहंदी से मांगी माफी, CM धामी ने मीका और दलेर को दिया उत्तराखंड आने का न्योता
