देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। अगले सप्ताह हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी शामिल होने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, 9 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
नितिन नवीन के कुमाऊं क्षेत्र में दो दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया गया है। उनके हल्द्वानी और रुद्रपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व के लगातार उत्तराखंड दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
10 सितंबर को हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और रुद्रपुर में सिख सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को भाजपा की ओर से अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विभिन्न वर्गों के बीच जनसंपर्क बढ़ाने पर है।
भाजपा ने हाल के दिनों में उत्तराखंड को लेकर अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाई हैं। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में दिल्ली में उत्तराखंड कोर कमेटी की बैठक भी हुई थी, जिसमें विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी।
अब हल्द्वानी में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में संगठन की तैयारियों की समीक्षा के साथ आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होने की उम्मीद है।
