रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कुमाऊं यूनिट ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय के बाहर खड़ी अपनी निजी कारों को ही फर्जी कार्यालय बनाकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे थे।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के पास जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के नजदीक दो वाहनों में बैठकर कुछ लोग अवैध रूप से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर छापा मारा। इस दौरान दोनों वाहनों में मौजूद दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद हुए हैं। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और लैपटॉप एडॉप्टर भी मिले हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वाहन स्वामियों से आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें सरकारी शुल्क की सही जानकारी दिए बिना निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराकर वाहन स्वामियों को देने की बात भी बताई है।
फिलहाल एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने वाहन स्वामियों से अवैध वसूली की गई है। साथ ही लोगों से आरटीओ संबंधी कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से कराने और अपने दस्तावेज अनजान लोगों को न सौंपने की अपील की गई है।
