देहरादून। उत्तराखंड में नियमित रोजगार और मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का विरोध अब उग्र होता नजर आ रहा है। शनिवार को देहरादून में आंदोलन के दौरान कार्य बहिष्कार में शामिल नहीं होने और ड्यूटी कर रहे दो पीआरडी जवानों के चेहरे पर प्रदर्शनकारियों ने कालिख पोत दी। यह घटना खनन विभाग और खादी विभाग में तैनात जवानों के साथ हुई। इस घटनाक्रम के बाद पीआरडी जवानों के आंदोलन में आपसी टकराव की स्थिति भी सामने आई है।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के मीडिया प्रभारी विनोद तोमर के अनुसार, संगठन की ओर से सभी जवानों से कार्य बहिष्कार में शामिल होने की अपील की गई थी। इसके लिए 21 नवंबर को ही प्रदेश के सभी जिलों में पत्र भेजकर आंदोलन की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद कुछ जवान विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। संगठन ने इसे आंदोलन के प्रति असहयोग मानते हुए विरोध जताया।
विनोद तोमर ने कहा कि संगठन की मांगें किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी पीआरडी जवानों के हित में हैं। जवान लंबे समय से होमगार्ड की तर्ज पर मानदेय और महंगाई भत्ता (डीए) देने के साथ ही सालभर यानी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
इसी बीच शुक्रवार को पीआरडी जवानों ने अपनी मांगों के समर्थन में देहरादून में कैंडल मार्च भी निकाला। परेड ग्राउंड से शुरू हुआ मार्च तिब्बती मार्केट, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। यहां जवानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन को और तेज करने के लिए संगठन ने 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है। जवानों का कहना है कि वे वर्दी पहनकर परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पीआरडी जवानों के लगातार प्रदर्शन से विभागीय कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका है।
