ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में वन तस्करों और वन विभाग की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। बरहनी रेंज के अंतर्गत बोर नदी के पास शुक्रवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 70 से 80 राउंड गोलियां चलीं। वन विभाग की जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर सागौन की लकड़ी से लदी तीन बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात बरहनी रेंज में वन विभाग की एसओजी टीम प्रभारी कैलाश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बोर नदी के समीप टीम का सामना लकड़ी तस्करों से हो गया। वन कर्मियों को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वन विभाग की टीम को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि तस्करों की ओर से करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की गई, जबकि वन विभाग की टीम ने आत्मरक्षा में लगभग 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी गोली लगने से बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि मुठभेड़ में किसी भी वनकर्मी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

वन विभाग की ओर से की गई जवाबी फायरिंग के बाद तस्कर घिरता देख घबरा गए। इसके बाद वे सागौन की लकड़ी के गिल्टों से लदी अपनी तीन बाइक मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के उच्च अधिकारी रक्षक दल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तीनों बाइकों को कब्जे में लेकर उनमें लदी सागौन की लकड़ी बरामद कर ली। इसके बाद फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई।

वन विभाग की टीम जंगल में तस्करों की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल थे। घटना के बाद वन क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाए जाने की भी संभावना है।

You missed