देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शासन स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन की ओर से इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को उनके पद से हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग और अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस निधि यादव से कृषि विभाग की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। देहरादून में अपर जिलाधिकारी केके मिश्र को हरिद्वार का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, हरिद्वार में कुंभ मेला अपर मेलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे पंकज उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता को देहरादून स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही अल्मोड़ा में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल भेजा गया है, जबकि नैनीताल में तैनात उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार को अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की तैनाती और कार्यक्षेत्र में बदलाव किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और आगामी चुनाव से पहले सरकारी कामकाज को व्यवस्थित करना है।

You missed