रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त कर्नल के परिवार की कार को रोककर हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचा लहराते हुए परिवार को गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान कर्नल के बेटे के गले से सोने की चेन लूट ली गई और कार में सवार महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की गई। हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब निवासी सेवानिवृत्त कर्नल साधू सिंह बाजवा का बेटा सुखमन सिंह 25 नवंबर की रात अपनी पत्नी, मां, बहन और मौसी के साथ गदरपुर के केशवगढ़ में आयोजित एक विवाह समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11:25 बजे जब उनकी कार रुद्रपुर के बिगवाड़ा गेट के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रुकने का इशारा किया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में परिवार को लगा कि लोग रास्ता पूछ रहे हैं, लेकिन उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुखमन सिंह ने कार आगे बढ़ाने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
प्रबल ग्रीन के पास कार को घेरकर किया हमला
बदमाशों ने प्रबल ग्रीन के पास कार को घेर लिया और परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने तमंचा लहराते हुए गोली मारने की धमकी दी। हमलावरों ने सुखमन सिंह के गले से सोने की चेन छीन ली। कार में बैठी महिलाओं के साथ भी छीना-झपटी की गई। इसके बाद आरोपियों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। परिवार ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वारदात के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और देर रात परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर है।
