देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में राज्य आंदोलन से उपजे उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। प्रदेश की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच तीसरे मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरना यूकेडी के सामने बड़ी चुनौती है। इसके लिए पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

यूकेडी की ओर से इन दिनों प्रदेशभर में ‘घर-घर चर्चा, घर-घर पर्चा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता सीधे लोगों तक पहुंचकर क्षेत्रीय मुद्दों और राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा कर रहे हैं। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के मुताबिक, कार्यकर्ताओं को जनता से सीधे संवाद करने और संगठन की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ‘एक बूथ, 10 यूथ’ कार्यक्रम के जरिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

क्षेत्रीय मुद्दों को बनाएगी चुनावी हथियार

यूकेडी आगामी विधानसभा चुनाव में मूल निवास, सख्त भू-कानून, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। पार्टी का मानना है कि उत्तराखंड के स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष है और क्षेत्रीय दल के रूप में वह इस भावना को राजनीतिक समर्थन में बदल सकती है।

हालांकि, भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले संगठनात्मक मजबूती हासिल करना यूकेडी के लिए आसान नहीं होगा। दोनों राष्ट्रीय दलों का प्रदेश में मजबूत बूथ नेटवर्क और व्यापक राजनीतिक आधार है। ऐसे में यूकेडी को केवल क्षेत्रीय मुद्दे उठाने के बजाय उनके समाधान के लिए ठोस नीतिगत विकल्प भी जनता के सामने रखने होंगे।

आंदोलन की विरासत को वोट में बदलने की चुनौती

उत्तराखंड राज्य आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले यूकेडी के सामने सबसे बड़ी चुनौती आंदोलन के समय मिली पहचान को दोबारा व्यापक जनसमर्थन में बदलने की है। राज्य आंदोलन से भावनात्मक रूप से जुड़े लोगों के बीच पार्टी की पहचान आज भी मौजूद है, लेकिन इसे चुनावी सफलता में बदलना दल के लिए बड़ी कसौटी बना हुआ है।

अब देखना होगा कि घर-घर पहुंचने की रणनीति और क्षेत्रीय मुद्दों के सहारे यूकेडी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के सामने कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाती है।

You missed