देहरादून। उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की हजारों आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा। अब उन्हें हर महीने 8,300 रुपये के बजाय 10,000 रुपये मानदेय मिलेगा।

कैबिनेट के फैसले के अनुसार, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में कुल 1,700 रुपये की वृद्धि की गई है। लंबे समय से आशा कार्यकर्ता अपने मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रही थीं। ऐसे में सरकार के इस निर्णय को उनके लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की थी। अब कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।

स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाती हैं आशा कार्यकर्ता

आशा कार्यकर्ता प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। वे गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने, संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक करने और नवजात शिशुओं की देखभाल से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करती हैं।

इसके अलावा टीकाकरण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में भी आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भागीदारी रहती है। वे स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करती हैं।

कैबिनेट बैठक में 23 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के अलावा भवन निर्माण नियमों में शिथिलता, जमीन के लैंड यूज परिवर्तन की दरों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी और हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण फैसले शामिल हैं।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में हुई इस बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को भी सम्मान मिलेगा।

You missed