देहरादून। उत्तराखंड में बिना मान्यता के संचालित हो रहे मदरसों पर राज्य सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की ओर से नियमों और निर्धारित शैक्षिक मानकों का पालन नहीं करने वाले 14 मदरसों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस मिलने के एक सप्ताह बाद भी किसी मदरसे की ओर से जवाब नहीं दिया गया है। इनमें अधिकांश मदरसे हरिद्वार जिले के बताए जा रहे हैं। विभाग अब इन संस्थानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कई मदरसों में निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आई थी। कुछ संस्थानों में बच्चों के लिए ड्रेस कोड लागू नहीं था, जबकि कई जगह विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर तक उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा कुछ मदरसों में राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लिए बिना ही धार्मिक शिक्षा दी जा रही थी। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
एक जुलाई से लागू हुई नई व्यवस्था
दरअसल, प्रदेश सरकार ने मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से एक जुलाई 2026 को मदरसा बोर्ड समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत मदरसों को सामान्य विद्यालयी शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के संचालन के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेना अनिवार्य किया गया है।
नई व्यवस्था लागू हुए करीब पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन कई संस्थानों ने अब तक धार्मिक शिक्षा के लिए प्राधिकरण से मान्यता नहीं ली है। ऐसे में बिना मान्यता संचालित हो रहे मदरसों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से नोटिस पाने वाले संस्थानों में रुड़की क्षेत्र के बिजोली, नगला इमरती, लालपुर, लादपुर कला, भगवानपुर, खेलपुर, चोली सहाबुद्दीनपुर और सिकरोड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों के मदरसे शामिल हैं।
विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण डॉ. पराग मधुकर धकाते ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित करने वाले मदरसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में प्राधिकरण और जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अब नोटिस का जवाब नहीं देने वाले 14 मदरसों पर विभाग की अगली कार्रवाई को लेकर नजरें टिकी हैं।
