उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए मकानों के पुनर्निर्माण के लिए प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
बता दें कि 24 नवंबर को पवाणी गांव में भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को अपना सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला। इस अग्निकांड में 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिनमें 44 परिवार निवास कर रहे थे। घरों के साथ ही ग्रामीणों का घरेलू सामान, कपड़े, खाद्यान्न और सर्दियों के लिए जमा किया गया राशन भी नष्ट हो गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पवाणी गांव में हुई घटना बेहद दुखद है। पहाड़ी क्षेत्र में करीब छह महीने तक बर्फबारी होने के कारण ग्रामीण पहले से ही कई महीनों का राशन और जरूरी सामान जमा करके रखते हैं। आग में यह सब नष्ट हो जाने से प्रभावित परिवारों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को राशन, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जब तक उनके मकानों का पुनर्निर्माण नहीं हो जाता, तब तक किराये और रहने की अन्य व्यवस्थाओं में भी सरकार सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और नुकसान का विस्तृत आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने देने के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई शुरू की गई है। साथ ही कंबल, गर्म कपड़े, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, सुरक्षित आश्रय और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
